गाजीपुर, । जनपद में 2 जुलाई 2026 से आयोजित होने वाली उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी-2026) को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला एवं पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा ने संयुक्त रूप से विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्थाओं, परीक्षा संबंधी तैयारियों तथा केंद्रों पर उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान दोनों अधिकारियों ने परीक्षा ड्यूटी में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने केंद्रों पर तैनात पुलिस बल, स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं पर्यवेक्षकों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। साथ ही परीक्षा केंद्रों के 200 मीटर के दायरे में सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ रखने तथा किसी भी अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध सुनिश्चित करने को कहा।
जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि परीक्षा की शुचिता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। परीक्षा के दौरान अफवाह फैलाने, नकल कराने या अनुचित साधनों का प्रयोग कराने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोरतम विधिक कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने सभी संबंधित कर्मचारियों से समन्वय बनाकर निष्पक्ष एवं सकुशल परीक्षा संपन्न कराने का आह्वान किया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी मुहम्मदाबाद, क्षेत्राधिकारी मुहम्मदाबाद सहित अन्य प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी तथा कर्मचारी उपस्थित रहे।














