गाज़ीपुर । गोवर्धन पूजा के पावन अवसर पर मंगलवार को बिरनो ब्लॉक क्षेत्र की बिरनो और बद्दूपुर स्थित गोशालाओं में गौ पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह ने विधि-विधान से गौ पूजन किया और गायों को गुड़ एवं फल खिलाकर उनके संरक्षण और सेवा का संकल्प लिया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह ने गोशाला संचालकों और कर्मचारियों को गोवंश की बेहतर देखभाल करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गोशालाओं में संरक्षित गोवंश की सेवा और देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी गोवंश को समय से पर्याप्त चारा, स्वच्छ पानी और उचित देखभाल उपलब्ध कराना संचालकों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में गोवंश संरक्षण और संवर्धन के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। सरकार की प्राथमिकताओं में गोवंश संरक्षण शामिल है। इसी उद्देश्य से गोशालाओं को व्यवस्थित स्वरूप दिया जा रहा है, ताकि निराश्रित गोवंश को सुरक्षित आश्रय मिल सके। उन्होंने गोशाला संचालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में गोवंश की देखभाल में लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी लोग पूरी जिम्मेदारी और सेवाभाव से अपने दायित्वों का निर्वहन करें।
कार्यक्रम में गुड्डू गुप्ता, ओमजी सिंह, डॉ. गुरुदेव मौर्य, धनंजय प्रजापति, जयप्रकाश राम, श्रीशिकेष कुशवाहा, राकेश यादव, मनोज श्रीवास्तव, गोलू सिंह सहित अन्य गोसेवक एवं गोशाला कर्मचारी मौजूद रहे।















