गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत करंडा थाना पुलिस ने शुक्रवार को गैंगस्टर एक्ट में वांछित 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त शन्नी शर्मा उर्फ शनी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे कचहरी स्थित मंदिर के पास से घेराबंदी कर पकड़ा।
पुलिस के अनुसार, 30 अक्टूबर 2026 को थानाध्यक्ष करंडा अपनी टीम के साथ क्षेत्र में मौजूद थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गैंगस्टर एक्ट का वांछित इनामी अभियुक्त कचहरी गाजीपुर स्थित मंदिर के पास मौजूद है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान शन्नी शर्मा उर्फ शनी (27) पुत्र स्व. भूपेंद्र शर्मा निवासी मकान नंबर 249/6, वत्स कॉलोनी, बहादुरगढ़, तहसील लाइनपार, थाना लाइनपार, जनपद झज्जर, हरियाणा के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, अभियुक्त थाना करंडा में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में वांछित था। उसके खिलाफ करंडा थाने में दो आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें गैंगस्टर एक्ट के अलावा धोखाधड़ी, कूटरचित दस्तावेज, आबकारी और आर्म्स एक्ट से संबंधित धाराओं में भी मुकदमा शामिल है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष करंडा और उनके हमराह पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।















