गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद के समस्त नागरिकों को दीपावली, छठ पूजा एवं भैया दूज के पावन पर्व की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने कामना की कि प्रकाश और खुशियों का यह पर्व प्रत्येक परिवार के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि एवं खुशहाली लेकर आए।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि सभी लोग इन त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में हर्षोल्लास के साथ मनाएं। त्योहारों के दौरान एक-दूसरे की भावनाओं का सम्मान करते हुए सामाजिक एकता एवं पारस्परिक सहयोग की भावना बनाए रखें।
उन्होंने दीपावली पर पटाखों का प्रयोग सावधानीपूर्वक और निर्धारित मानकों के अनुरूप करने की अपील की। विशेष रूप से बच्चों और बुजुर्गों की सुरक्षा का ध्यान रखने तथा किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने को कहा। वहीं छठ पूजा के दौरान घाटों एवं जलाशयों पर स्वच्छता बनाए रखने और सुरक्षा संबंधी सावधानियों का पालन करने की अपील की।
डीएम ने कहा कि त्योहार हमारी सांस्कृतिक परंपराओं, सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव के प्रतीक हैं। सभी नागरिक प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पर्वों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं गरिमामय ढंग से मनाएं। उन्होंने जनपदवासियों से गाजीपुर की गंगा-जमुनी तहजीब और सामाजिक सद्भाव की परंपरा को मजबूत बनाने तथा त्योहारों की खुशियां सभी के साथ साझा करने की अपील की।















