HomeLocalसातों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 302 शिकायतों में 30 का...

सातों तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 302 शिकायतों में 30 का मौके पर निस्तारण

गाजीपुर। जनसमस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जनपद की सभी सात तहसीलों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 302 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 30 शिकायतों का अधिकारियों ने मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष शिकायतों को संबंधित विभागों के अधिकारियों को सौंपते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, तहसील सदर में 25 शिकायतें आईं, जिनमें चार का मौके पर निस्तारण हुआ। सैदपुर में 31 शिकायतों में दो, जमानिया में 57 शिकायतों में पांच तथा सेवराई में 60 शिकायतों में सात शिकायतों का निस्तारण किया गया।
इसी क्रम में मोहम्मदाबाद तहसील में 25 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें चार का निस्तारण हुआ। जखनियां में सर्वाधिक 76 शिकायतें आईं, जिनमें चार का मौके पर समाधान किया गया। वहीं कासिमाबाद तहसील में 28 शिकायतों में चार का निस्तारण किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान संबंधित उपजिलाधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने राजस्व, पुलिस, विकास सहित अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया गया कि शिकायतों का निस्तारण केवल कागजों पर नहीं, बल्कि गुणवत्तापूर्ण ढंग से मौके पर जाकर सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार तहसीलों के चक्कर न लगाने पड़ें।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments