गाजीपुर। गोवंश आश्रय स्थलों में पशुओं की देखभाल और मूलभूत सुविधाओं को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। देवकली विकासखंड के ग्राम पंचायत बड़हरा स्थित अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल में मानक के अनुरूप हरे चारे, पेयजल और साफ-सफाई की व्यवस्था नहीं मिलने पर प्रशासन ने संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने बताया कि ग्राम पंचायत बड़हरा में संचालित अस्थायी गोवंश आश्रय स्थल का संचालन श्री कृष्ण कन्हैया शिक्षण संस्थान, बुढ़नपुर, शादियाबाद द्वारा किया जा रहा है। संस्थान के प्रबंधक कन्हैया यादव हैं।
28 नवंबर 2026 को गो आश्रय स्थल के निरीक्षण के दौरान हरे चारे की पर्याप्त उपलब्धता नहीं मिली। इसके अलावा परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई। अधिकारियों के अनुसार, इससे पहले भी प्रबंधक को व्यवस्थाओं में सुधार करने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन इसके बावजूद लापरवाही जारी रही। व्यवस्थाओं में कमी के कारण गोवंश के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर पशु चिकित्सा अधिकारी नंदगंज विवेक कुमार ने आश्रय स्थल के संचालक कन्हैया यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
जिलाधिकारी ने सभी गो आश्रय स्थलों में भूसा, हरा चारा, पेयजल और साफ-सफाई सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही मिलने पर संबंधित कर्मचारी, एनजीओ, प्रशासक और सचिव के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। गोवंश की देखभाल में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।















