गाजीपुर। भारत सरकार में पृथक सहकार मंत्रालय के गठन के पांच वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में मनाए जा रहे सहकारिता सप्ताह के अंतर्गत शनिवार को गाजीपुर में सहकारिता जागरूकता रैली एवं गोष्ठी का आयोजन किया गया। मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद ने विकास भवन से हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। रैली कलेक्ट्रेट, सैनिक चौराहा सहित विभिन्न मार्गों से होकर लगभग छह किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद विकास भवन पहुंची।
इसके बाद जिला सहकारी बैंक लिमिटेड गाजीपुर के अध्यक्ष की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में सहकारिता गोष्ठी आयोजित हुई। मुख्य विकास अधिकारी ने उपस्थित लोगों को सहकारिता की शपथ दिलाई तथा विभागीय योजनाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने “सहकार से समृद्धि” के मंत्र पर कार्य करते हुए जनपद में सहकारिता आंदोलन को और मजबूत बनाने पर बल दिया।
गोष्ठी में इफको के क्षेत्रीय प्रबंधक ने रासायनिक उर्वरकों के दुष्प्रभाव तथा पीएम प्रणाम योजना की जानकारी दी। जिला सहकारी बैंक के सचिव एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी ने बताया कि बैंक ने 75 करोड़ रुपये के ऋण वितरण लक्ष्य के सापेक्ष जून 2026 तक 25 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया है, जो लक्ष्य का 33 प्रतिशत है। साथ ही बैंक की वसूली पिछले वर्ष की तुलना में 3.98 प्रतिशत अधिक रही, जो निर्धारित लक्ष्य से भी 0.98 प्रतिशत ज्यादा है।
सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक, सहकारिता ने बताया कि जनपद की 106 समितियों का कंप्यूटरीकरण किया जा रहा है, जिनमें 26 समितियां ई-पैक्स बन चुकी हैं। 42 समितियों में सहज जन सेवा केंद्र संचालित हैं और 26 नई सहकारी समितियों का गठन किया गया है। सदस्यता महाअभियान के तहत 94 हजार नए सदस्य जोड़े गए। कार्यक्रम में समिति सचिव, बैंक अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में सहकारिता विभाग से जुड़े लोग उपस्थित रहे।














