गाज़ीपुर। छठ पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से बुधवार को जंगीपुर थाना परिसर में थानाध्यक्ष ओम प्रकाश की अध्यक्षता में ग्राम प्रधानों और नगर पंचायत के सदस्यों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में छठ घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विशेष चर्चा की गई।
इस दौरान थानाध्यक्ष ओम प्रकाश ने कहा कि छठ पर्व के दौरान बेसों नदी और मंगई नदी के किनारे स्थित घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने की आवश्यकता है। उन्होंने निर्देश दिया कि नदी में गहरे पानी वाले स्थानों पर गोताखोरों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। घाटों के आसपास बिजली के तारों को सुरक्षित दूरी पर रखा जाए, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। इसके साथ ही जरूरत के अनुसार नाव की व्यवस्था भी रखी जाए।
उन्होंने कहा कि सभी ग्राम प्रधान और नगर पंचायत के सदस्य अपने-अपने क्षेत्रों में छठ घाटों पर सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करें। किसी भी प्रकार की दुर्घटना या अप्रिय घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दें, जिससे समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
बैठक में लालजी गुप्ता, जयप्रकाश यादव, सुरेश यादव, धर्मेंद्र शर्मा, रविंद्र यादव, पवन राय, पवनसुत गुप्ता, अजय कुमार, पिंटू कुमार, जितेंद्र यादव, अभिनव जायसवाल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।















