गाजीपुर। जिले में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत भांवरकोल पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पंजाब के तीन अंतरराज्यीय गो-तस्करों को गिरफ्तार किया है। मुठभेड़ में एक तस्कर के बाएं पैर में गोली लगी, जबकि दो अन्य को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार किया। पुलिस ने दो डीसीएम वाहनों से कुल 18 गोवंश बरामद किए हैं। साथ ही एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस भी बरामद हुआ है।
पुलिस के अनुसार, थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय पुलिस टीम के साथ रात्रि गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पंजाब से गोवंश लादकर एक डीसीएम पक्खनपुर होते हुए बिहार की तरफ जा रही है। सूचना पर पुलिस ने रसूलपुर मोहम्मदाबाद-भरौली मार्ग पर घेराबंदी कर पंजाब नंबर की डीसीएम (PB10…8928) को रोक लिया। तलाशी में नौ गोवंश मिले।
चालक से पूछताछ में दूसरी डीसीएम से भी नौ गोवंश आने की जानकारी मिली। दूसरी गाड़ी को रोकने का प्रयास करने पर उसमें सवार तस्करों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में सुखदीप कुमार (37) निवासी हिम्मतनगर, लुधियाना के बाएं पैर में गोली लगी। उसे सीएचसी मोहम्मदाबाद भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में दर्शन सिंह (58), पवन कुमार (30) और घायल सुखदीप कुमार शामिल हैं। तीनों पंजाब के लुधियाना जिले के निवासी हैं। पूछताछ में आरोपियों ने पंजाब से गोवंश लादकर बिहार ले जाने की बात स्वीकार की। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष राजीव कुमार पाण्डेय और शेरपुर चौकी प्रभारी विपिन कुमार सिंह अपनी टीम के साथ शामिल रहे। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।















