Friday, August 7, 2026
Your Dream Technologies
HomeLocalजमानिया के एक्सईएन निलंबित, बिजली व्यवस्था में लापरवाही पर शासन की बड़ी...

जमानिया के एक्सईएन निलंबित, बिजली व्यवस्था में लापरवाही पर शासन की बड़ी कार्रवाई

गाजीपुर। बिजली व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर शासन ने जमानिया विद्युत वितरण खंड के अधिशासी अभियंता (एक्सईएन) अशरफी लाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उन पर ऊर्जा मंत्री की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) में अनुपस्थित रहने, जनप्रतिनिधियों के फोन का जवाब नहीं देने तथा उपभोक्ताओं की शिकायतों के समाधान में उदासीनता बरतने का आरोप है। इस कार्रवाई से विद्युत विभाग में हड़कंप मच गया है।

बताया जा रहा है कि जमानिया क्षेत्र में लंबे समय से बिजली व्यवस्था को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। 100 से अधिक ट्रांसफार्मर खराब होने के बावजूद उन्हें समय पर नहीं बदला गया, जिससे कई गांवों और मोहल्लों में बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। साथ ही ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने में भी विभाग की ओर से अपेक्षित कार्रवाई नहीं की गई।

ऊर्जा मंत्री की समीक्षा बैठक में इन शिकायतों को गंभीरता से लिया गया। बैठक में एक्सईएन की अनुपस्थिति और उपभोक्ताओं की समस्याओं के प्रति लापरवाही सामने आने पर शासन ने तत्काल निलंबन की कार्रवाई की। वहीं गाजीपुर के अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना को अंतिम चेतावनी जारी करते हुए जिलेभर में बिजली संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने के निर्देश दिए गए हैं।

ऊर्जा मंत्री ने अधिकारियों को जले हुए ट्रांसफार्मरों को तत्काल बदलने, ओवरलोड ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, उपभोक्ता शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने तथा जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली व्यवस्था में किसी भी स्तर की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी अधिकारियों के खिलाफ सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई जारी रहेगी।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button