गाजीपुर – सांसद अफजाल अंसारी गुरुवार को सैदपुर पहुंचे और हाल की दो अलग-अलग घटनाओं के पीड़ित परिवारों से मुलाकात की। सबसे पहले उन्होंने ब्लॉक प्रमुख हीरा यादव के घर पहुंचकर खंड विकास कार्यालय परिसर स्थित चेंबर में हुई मारपीट की घटना की जानकारी ली और परिवार से बातचीत की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने क्षेत्र की कानून व्यवस्था पर चिंता जताते हुए कहा कि सैदपुर में आज भी वर्चस्व की राजनीति का असर दिखाई देता है। उन्होंने ब्लॉक प्रमुख के चेंबर में मारपीट और रंगदारी जैसी घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने की जरूरत बताई तथा प्रदेश सरकार के कानून व्यवस्था संबंधी दावों पर सवाल उठाए।
इसके बाद सांसद मिर्जापुर गांव पहुंचे और आत्महत्या से मृत पान विक्रेता सुरेंद्र कश्यप के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि उपभोक्ताओं की शिकायतों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण होना चाहिए। हालांकि उन्होंने मामले में जिलाधिकारी की कार्रवाई और जांच की सराहना भी की। अफजाल अंसारी ने कहा कि अगस्त में होने वाली बिजली विभाग की सलाहकार समिति की बैठक में उपभोक्ताओं से जुड़े मुद्दे उठाए जाएंगे।














