“गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत खानपुर पुलिस ने शुक्रवार को चेकिंग के दौरान एक युवक को अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस .315 बोर बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 2 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक राम बाबू सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि नायकडीह गांव में एक युवक मौजूद है, जिसके पास अवैध असलहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और युवक को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान हर्षित सिंह (22) पुत्र स्वर्गीय विनोद सिंह निवासी ग्राम मधुवन, थाना खानपुर, जनपद गाजीपुर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध खानपुर थाने में शस्त्र अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई में उपनिरीक्षक राम बाबू सिंह के नेतृत्व में खानपुर थाने की पुलिस टीम शामिल रही।















