गाजीपुर – खानपुर थाना क्षेत्र के सिधौना गांव के पास बुधवार रात खनन विभाग की चेकिंग के दौरान एक ओवरलोड ट्रक ने वाराणसी के खनन अधिकारी प्रशांत शर्मा की बोलेरो में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बोलेरो पलटकर डिवाइडर पर चढ़ गई। हादसे में प्रशांत शर्मा को मामूली चोटें आईं, जबकि वाहन क्षतिग्रस्त हो गया।
जानकारी के अनुसार, प्रशांत शर्मा अपनी टीम के साथ गोरखपुर-वाराणसी फोरलेन पर वाहनों की जांच कर रहे थे। इसी दौरान गिट्टी से लदे एक ओवरलोड ट्रक को रोकने का प्रयास किया गया। आरोप है कि चालक ट्रक लेकर भागने लगा और पीछा करने पर सिधौना गांव के पास उसने बोलेरो में टक्कर मार दी। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची खानपुर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर मुकदमा दर्ज कर लिया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।














