गाजीपुर। मुहम्मदाबाद विकासखंड की नोनहरा ग्राम पंचायत में सफाई व्यवस्था में लापरवाही बरतने पर तीन सफाईकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी ने औचक निरीक्षण में अनुपस्थित मिलने और गांव में गंदगी पाए जाने पर यह कार्रवाई की है।निलंबित कर्मचारियों में सैयद हसन हैदरी अली, उपेंद्र कुमार और जितेंद्र कुमार शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, छठ पर्व को देखते हुए ग्राम पंचायत में साफ-सफाई के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई थी। 13 नवंबर को दोपहर करीब 2:05 बजे सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), मुहम्मदाबाद ने गांव का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीनों कर्मचारी अपने निर्धारित कार्यस्थल पर अनुपस्थित मिले। गांव में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे थे और सफाई व्यवस्था भी संतोषजनक नहीं पाई गई।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने तीनों कर्मचारियों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन आधे घंटे बाद दोबारा फोन करने पर उनके मोबाइल बंद मिले। इसे अधिकारियों ने कर्तव्यों के प्रति गंभीर लापरवाही माना।
जिला पंचायत राज अधिकारी रमेश चंद्र उपाध्याय के आदेश पर तीनों को निलंबित करते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई प्रस्तावित की गई है। मामले की जांच सहायक विकास अधिकारी (पंचायत), बिरनो को सौंपी गई है। निलंबन अवधि में कर्मचारियों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा।















