गाजीपुर। थाना क्षेत्र के सैदपुर-भीतरी मार्ग पर कटघरा गांव के पास रविवार की सुबह दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों और समाजसेवी अभिषेक शाहा की मदद से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सैदपुर पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। यहां इलाज के दौरान एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरे को गंभीर हालत में बीएचयू ट्रामा सेंटर वाराणसी रेफर किया गया।
जानकारी के अनुसार, मिर्जापुर गांव निवासी 25 वर्षीय इरफान बाइक से सैदपुर की तरफ से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान जीयन चक गांव निवासी पप्पू का 17 वर्षीय पुत्र अभिषेक घर से सैदपुर जा रहा था। कटघरा गांव के पास दोनों की बाइक में आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल इरफान ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस हादसे ने इरफान के परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। उसकी पत्नी सोनी ने महज चार दिन पहले ही बेटी को जन्म दिया था। परिवार में दो साल का बेटा चांद भी है। नवजात बेटी के आगमन से घर में खुशियां थीं, लेकिन अचानक इरफान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। नवजात बेटी और दो साल के बेटे को गोद में लेकर पत्नी सोनी का रो-रोकर बुरा हाल है।
तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़ा इरफान परिवार का सहारा था। उसके पिता वीरू, मां हसीना, छोटे भाई सज्जू और बहन शहनाज व चांदनी सहित अन्य परिजनों में चीख-पुकार मची हुई है। ग्राम प्रधान रजई यादव ने शोक जताते हुए पीड़ित परिवार को सरकारी योजनाओं के तहत आर्थिक सहायता दिलाने में सहयोग का आश्वासन दिया।















