गाजीपुर। अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश शर्मा ने मंगलवार को मॉनिटरिंग सेल कार्यालय का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में तैनात पुलिसकर्मियों से उनके कार्यों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में एएसपी ने कार्यालय में उपलब्ध विभिन्न दस्तावेजों, अभिलेखों और रजिस्टरों का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने कार्यालय की साफ-सफाई और दस्तावेजों के रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। साथ ही सभी पुलिसकर्मियों को निर्धारित समय पर ड्यूटी पर पहुंचने और उन्हें सौंपे गए कार्यों को नियमित रूप से अपडेट रखने का निर्देश दिया।
राकेश शर्मा ने कार्यालय के सभी रजिस्टरों को व्यवस्थित रखने और अभिलेखों का उचित रखरखाव सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने संबंधित कर्मचारियों को कार्यों में लापरवाही न बरतने और कार्यालय की व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न जनपदों के कुख्यात अपराधियों के खिलाफ माननीय न्यायालयों में विचाराधीन मुकदमों की प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों को निर्देशित किया कि अभियोजन से जुड़े मामलों की लगातार समीक्षा की जाए और न्यायालय में ठोस पैरवी करते हुए अपराधियों को अधिक से अधिक सजा दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।















