ब्रेकिंग । इलाहाबाद हाईकोर्ट ने बिजनौर की नहटौर विधानसभा सीट से भाजपा विधायक ओम कुमार का चुनाव रद्द कर दिया है। चुनावी हलफनामे में आय के स्रोतों की जानकारी छिपाने और नामांकन पत्र के कई कॉलम अधूरे भरने के मामले में गुरुवार को अदालत ने यह फैसला सुनाया। न्यायमूर्ति सलिल कुमार राय की पीठ ने विधायक को फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में अपील करने के लिए 15 दिन का समय दिया है।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में ओम कुमार ने राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) के प्रत्याशी मुंशी राम को महज 258 वोटों से हराकर जीत की हैट्रिक लगाई थी। ओम कुमार को 77,935 वोट मिले थे, जबकि मुंशी राम को 77,677 वोट प्राप्त हुए थे। बसपा प्रत्याशी प्रिया सिंह 38,020 वोट पाकर तीसरे स्थान पर रही थीं।
चुनाव में हार के बाद मुंशी राम ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर आरोप लगाया था कि ओम कुमार ने नामांकन के दौरान अपनी आय के स्रोतों का पूरा विवरण नहीं दिया और महत्वपूर्ण जानकारियां छिपाईं। याचिका में चुनाव में अनियमितता का आरोप लगाते हुए वोटों की दोबारा गिनती की मांग भी की गई थी।
ओम कुमार ने वर्ष 2012 में बसपा के टिकट पर पहली बार चुनाव जीता था। वर्ष 2017 में भाजपा में शामिल होने के बाद उन्होंने भाजपा के टिकट पर जीत दर्ज की। 2022 में भी जीत हासिल कर लगातार तीसरी बार विधायक बने। वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें नगीना सुरक्षित सीट से प्रत्याशी बनाया था, जहां उन्हें आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर से हार का सामना करना पड़ा था।
सुप्रीम कोर्ट से राहत नहीं मिलने की स्थिति में भी विधानसभा चुनाव में छह महीने से कम समय बचने के कारण नहटौर सीट पर उपचुनाव नहीं कराया जाएगा।















