गाजीपुर। जिले में किसानों को मांग के अनुरूप उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन ने 3050 मीट्रिक टन डीएपी और 4388 मीट्रिक टन यूरिया का आवंटन सहकारी समितियों को किया है। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के निर्देश पर क्षेत्रवार उर्वरक की मांग का उप जिलाधिकारियों से सत्यापन कराने के बाद यह आवंटन किया गया है। इसका उद्देश्य अधिक से अधिक किसानों तक उनकी जरूरत के अनुसार खाद पहुंचाना है।
गुरुवार, 26 नवंबर को सहायक आयुक्त एवं सहायक निबंधक सहकारिता ने जमानियां क्षेत्र की विभिन्न सहकारी समितियों का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने समितियों पर उर्वरक वितरण व्यवस्था का जायजा लिया और खाद लेने पहुंचे किसानों से बातचीत कर ओवररेटिंग एवं अन्य समस्याओं की जानकारी ली। किसानों ने समितियों की उर्वरक वितरण प्रणाली पर संतोष व्यक्त किया।
विभागीय जानकारी के अनुसार आवंटन के बाद भी जिले के बफर गोदामों में 8879 मीट्रिक टन यूरिया और 3033 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक आरक्षित है। वहीं सहकारी उर्वरक बिक्री केंद्रों पर 2365 मीट्रिक टन यूरिया तथा 1676 मीट्रिक टन फास्फेटिक उर्वरक उपलब्ध है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जिले में उर्वरक की कोई कमी नहीं है। समिति कर्मचारियों को निर्देश दिया गया है कि किसानों को खतौनी और फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर ही खाद उपलब्ध कराएं। प्रति हेक्टेयर सात बोरी यूरिया और पांच बोरी फास्फेटिक उर्वरक की निर्धारित मात्रा का कड़ाई से पालन किया जाए। समिति सचिवों को उपलब्ध स्टॉक का समानुपातिक वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि अधिक से अधिक किसानों को खाद मिल सके।















