जमानिया (गाजीपुर)। जमानिया थाना पुलिस ने चोरी के मामले में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से पीली धातु का एक गगरा, लोटा, गिलास और 2050 रुपये नकद बरामद किए हैं। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पटखौलिया निवासी छोटू उर्फ छोट्टन उर्फ छोटक पुत्र रसूल के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत गुरुवार 26 नवंबर को उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह अपनी टीम के साथ काशीराम आवास के पास गौशाला पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 365/2026 में वांछित अभियुक्त छोटू को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी से संबंधित पीली धातु के बर्तन और 2050 रुपये बरामद हुए।
पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध जमानिया थाने में एनडीपीएस एक्ट, आर्म्स एक्ट, आबकारी अधिनियम, चोरी सहित विभिन्न मामलों में कुल आठ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें वर्ष 2019, 2021, 2023, 2024 और 2026 के मामले शामिल हैं।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुनील कुमार सिंह और उनके हमराही पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अभियुक्त के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई कर रही है।















