(गाजीपुर)। गहमर थाना क्षेत्र में बुधवार को दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। दोनों युवक तिलक समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे थे। हादसे की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
जानकारी के अनुसार, गहमर-ताड़ीघाट-बारा मुख्य मार्ग एनएच-124सी पर कामाख्या धाम के पास बाइक अनियंत्रित होकर ट्रैक्टर से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में सुहवल गांव निवासी 24 वर्षीय प्रियांशु गुप्ता की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार 23 वर्षीय शुभम चौरसिया गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रियांशु गुप्ता, ओमप्रकाश गुप्ता के पुत्र थे। वहीं घायल शुभम चौरसिया मोती चौरसिया के पुत्र हैं। दोनों गहमर में आयोजित एक तिलक समारोह में शामिल होने आए थे और कार्यक्रम समाप्त होने के बाद बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान कामाख्या धाम के पास यह हादसा हो गया।
घायल शुभम को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे की खबर मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। प्रियांशु अपने परिवार में दो बहनों के बीच इकलौते भाई थे। उनके पिता ओमप्रकाश गुप्ता सुहवल चट्टी पर मिठाई और समोसे की दुकान चलाकर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। बेटे की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
कोतवाल नंद कुमार तिवारी ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।















