HomeLocalकृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए बुकिंग शुरू, पांच दिसंबर तक मिलेगा...

कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए बुकिंग शुरू, पांच दिसंबर तक मिलेगा मौका

गाजीपुर। किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ देने के लिए कृषि विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के तृतीय चरण की बुकिंग प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की है। प्रमोशन ऑफ एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन फॉर इन-सीटू मैनेजमेंट ऑफ क्रॉप रेजिड्यू एवं सब मिशन ऑन एग्रीकल्चरल मैकेनाइजेशन योजना के तहत 26 नवंबर को सुबह 11 बजे से पांच दिसंबर की रात 12 बजे तक कृषि यंत्रों की बुकिंग की जा सकेगी।
इस योजना के अंतर्गत कस्टम हायरिंग सेंटर, बेलर, सुपर सीडर, रोटावेटर, हार्वेस्टर, फार्म मशीनरी बैंक, चारा कटर, मल्टी क्रॉप थ्रेसर सहित विभिन्न कृषि यंत्रों पर अनुदान का लाभ दिया जाएगा। कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि निर्धारित अवधि में ऑनलाइन बुकिंग कर योजना का लाभ उठाएं।
विभाग के अनुसार निर्धारित लक्ष्य से अधिक आवेदन प्राप्त होने पर किसानों का चयन समिति के माध्यम से ई-लॉटरी द्वारा किया जाएगा। चयनित किसानों को निर्धारित समय सीमा के भीतर संबंधित कृषि यंत्र खरीदना होगा। इसके बाद खरीद का बिल स्वयं विभागीय पोर्टल upagriculture.com पर अपलोड करना अनिवार्य होगा।
किसान विभागीय मानकों के अनुरूप upyantraking.in पोर्टल पर पंजीकृत यंत्र निर्माताओं में से किसी भी निर्माता से कृषि यंत्र खरीद सकते हैं। यंत्र के मूल्य की 50 प्रतिशत धनराशि का भुगतान लाभार्थी किसान को स्वयं अथवा अपने रक्त संबंधी के बैंक खाते से फर्म के खाते में हस्तांतरित करना होगा।
निर्धारित समय में कृषि यंत्र नहीं खरीदने अथवा बिल पोर्टल पर अपलोड नहीं करने की स्थिति में टोकन मनी या जमानत धनराशि जब्त कर ली जाएगी।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments