जंगीपुर, गाजीपुर। पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देश पर बुधवार को यातायात पुलिस ने आत्मा प्रकाश महाविद्यालय जंगीपुर में यातायात जागरूकता अभियान चलाया। प्रभारी निरीक्षक यातायात बालेंद्र कुमार के नेतृत्व में टीएसआई मनीष कुमार त्रिपाठी ने छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों की जानकारी दी।
अभियान के दौरान एनएचएआई के सक्षम अधिकारी की मौजूदगी में बच्चों को दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने के लिए जागरूक किया गया। निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग नहीं करने और नशे की हालत में वाहन न चलाने की अपील की गई।
छात्रों को यातायात संकेतों और नियमों का पालन करने के लिए प्रेरित करते हुए बताया गया कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन केवल कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और अन्य सड़क उपयोगकर्ताओं के जीवन की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी है।
यातायात पुलिस ने बच्चों से अपील की कि वे स्वयं नियमों का पालन करने के साथ अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करें। अभियान के दौरान महाविद्यालय के शिक्षक और छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।















