गाजीपुर। आगामी विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को राइफल क्लब सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक गाजीपुर ने संयुक्त रूप से की।
बैठक में आगामी एमएलसी चुनाव को लेकर प्रशासनिक एवं पुलिस स्तर पर की जा रही तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संबंधित अधिकारियों से चुनावी तैयारियों की जानकारी लेते हुए निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः अनुपालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारियों को आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराने तथा निर्वाचन से संबंधित सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय-सीमा के भीतर पूरा करने को कहा गया। मतदान प्रक्रिया को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।
बैठक के दौरान जिले की कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। पुलिस अधिकारियों को संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा चुनाव के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ निर्वाचन संबंधी दायित्वों का निर्वहन सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी समेत अन्य संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।















