गाजीपुर। गहमर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए भटककर आई एक महिला को सकुशल उसके परिजनों से मिलाया। पुलिस की इस पहल से महिला के परिजनों ने राहत की सांस ली और पुलिस टीम का आभार जताया।
पुलिस के अनुसार, 5 अक्टूबर 2026 को थाना गहमर क्षेत्र के ग्राम पचौरी से एक महिला के भटककर आने की सूचना पीआरवी-8772 पर प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही गहमर थाने के उपनिरीक्षक इन्दु कुमार तिवारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और महिला को सकुशल थाने पर लेकर आए।
थाने पर महिला को महिला आरक्षी किरन यादव और मोनी देवी की देखरेख में मिशन शक्ति केंद्र पर सुरक्षित रखा गया। मिशन शक्ति टीम ने महिला से उसके घर और परिजनों के संबंध में जानकारी प्राप्त की। महिला द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर टीम ने उसके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास शुरू किया।
मिशन शक्ति टीम के प्रयासों से महिला के पिता तेजबली और चचेरे भाई हरेन्द्र कुमार निवासी ग्राम ढेकवा, तहसील व थाना मड़िहान, जनपद मिर्जापुर से संपर्क स्थापित हुआ। इसके बाद पुलिस ने महिला को उसके परिजनों को सकुशल सुपुर्द कर दिया।
परिजनों ने गहमर पुलिस और मिशन शक्ति केंद्र की टीम के प्रति आभार जताया। कार्रवाई करने वाली टीम में उपनिरीक्षक इन्दु कुमार तिवारी और महिला आरक्षी किरन यादव शामिल रहीं।















