गाजीपुर। अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बुधवार को सेमरा हाईवे एनएच-31 स्थित बस स्टैंड से दो युवकों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार उनके कब्जे से 534 ग्राम अवैध हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ 3 लाख 40 हजार रुपये बताई गई है। इसके अलावा एक मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए।
प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा और उपनिरीक्षक विवेक कुमार पाठक पुलिस टीम के साथ चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को पकड़ा गया।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान साहुल यादव (20) पुत्र वकील यादव निवासी भनदहा कला, थाना चौबेपुर, वाराणसी और रवि राजभर (22) पुत्र नागेंद्र राजभर निवासी कौला जखनिया, थाना भुड़कुड़ा, गाजीपुर के रूप में की।
बरामद मोटरसाइकिल संख्या यूपी 62 सीएक्स 6973 स्प्लेंडर प्लस बताई गई है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह समेत उपनिरीक्षक शिवाकांत मिश्रा और विवेक कुमार पाठक शामिल रहे।















