हर बुधवार चलेगा विशेष सफाई अभियान, पंचायत सचिवालयों में नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करें: डीएम अनुपम शुक्ला
गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में स्वच्छता, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, पंचायत सहायकों की उपस्थिति और ग्रामीणों को समयबद्ध डिजिटल सेवाएं उपलब्ध कराने सहित कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जिलाधिकारी ने सभी पंचायत सचिवालयों में पंचायत सहायकों की नियमित उपस्थिति अनिवार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। साथ ही प्रधानमंत्री आवास योजना के सभी पात्र लाभार्थियों को लाभ दिलाने, उन्हें व्यक्तिगत शौचालय की सुविधा से आच्छादित करने तथा संबंधित धनराशि उनके खातों में समय से भेजने के निर्देश भी दिए।
बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को प्रभावी बनाने के लिए रिसोर्स रिकवरी सेंटरों को स्थानीय कबाड़ी व्यवसायियों से जोड़ने का निर्णय लिया गया, जिससे सूखे कचरे का वैज्ञानिक एवं व्यवस्थित निस्तारण सुनिश्चित हो सके।
डीएम ने प्रत्येक बुधवार को विशेष सफाई अभियान चलाने के निर्देश देते हुए कहा कि सफाई कर्मियों की विशेष टीमें बनाकर स्कूलों, अस्पतालों, सार्वजनिक स्थलों और हाट-बाजारों में सघन सफाई कराई जाए। उन्होंने वर्षा ऋतु को देखते हुए जलभराव की समस्या का तत्काल समाधान करने, नालियों की नियमित सफाई कराने तथा सड़कों के किनारे उगी झाड़ियों की कटाई कराने के भी सख्त निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सभी सहायक विकास अधिकारियों (पंचायत) को अपने-अपने विकास खंडों में वीएलई सेवाओं का विस्तार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवालयों के माध्यम से ग्रामीणों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन और अन्य डिजिटल नागरिक सेवाएं सरल, सुलभ एवं समयबद्ध तरीके से उपलब्ध कराना संबंधित अधिकारियों की सीधी जिम्मेदारी होगी। बैठक में स्वच्छता अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने और ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर नागरिक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।














