HomePARDAFHAAS BREAKINGसड़क धंसने से 10 फीट गहरा गड्ढा, बाल-बाल बचे वाहन सवार

सड़क धंसने से 10 फीट गहरा गड्ढा, बाल-बाल बचे वाहन सवार

गाजीपुर। मिश्र बाजार-महुआबाग रोड पर मंगलवार सुबह करीब 11:30 बजे अचानक सड़क धंसने से अफरा-तफरी मच गई। सड़क के बीचोंबीच करीब 10 फीट गहरा गड्ढा बन गया। घटना के समय दो फोर व्हीलर और एक टोटो वहां से गुजर रहे थे। सड़क धंसते ही चालकों ने खतरा भांपकर तत्काल ब्रेक लगा दिए। कुछ सेकेंड की देरी होती तो तीनों वाहन गड्ढे में गिर सकते थे और बड़ा हादसा हो सकता था।

सड़क धंसने की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और आसपास के लोगों की मदद से गड्ढे के चारों ओर बैरिकेडिंग कर दी। इससे दूसरे वाहन और राहगीरों को गड्ढे में गिरने से बचाया जा सका। कपूरपुर के सभासद शाबान अली ने बताया कि सड़क के नीचे से सीवर की पाइपलाइन गुजर रही है। पाइपलाइन में लीकेज के कारण पानी जमीन के अंदर रिसता रहा, जिससे मिट्टी धीरे-धीरे बह गई और सड़क के नीचे की जमीन खोखली हो गई। मंगलवार को दबाव पड़ने पर सड़क का हिस्सा अचानक धंस गया।

स्थानीय दुकानदार आदिल ने बताया कि सड़क धंसने के समय टोटो और फोर व्हीलर गड्ढे के काफी करीब पहुंच चुके थे। चालकों के समय रहते ब्रेक लगाने से बड़ा हादसा टल गया।

सभासद और स्थानीय दुकानदारों ने नगर पालिका के ईओ समेत संबंधित अधिकारियों को सूचना दी है। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत से पहले सीवर पाइपलाइन के लीकेज को ठीक करना जरूरी है, वरना आसपास का हिस्सा दोबारा धंस सकता है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments