गाजीपुर। समाजवादी पार्टी के जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह के बयान पर सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के प्रमुख एवं कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने पलटवार किया है। फेसबुक पोस्ट के जरिए उन्होंने विधायक ओमप्रकाश सिंह पर तीखा कटाक्ष करते हुए कहा कि उनकी टिप्पणी से हैरानी नहीं, बल्कि तरस आया।
‘किस जाति में जन्म लेना तय नहीं करते’
ओमप्रकाश राजभर ने लिखा कि ‘मेरी पैदाइश’ को लेकर की गई टिप्पणी इसलिए की गई, क्योंकि वह किसी जमींदार या ऊंची जाति में नहीं, बल्कि बेहद गरीब और असहाय समाज में पैदा हुए हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें राजभर समाज में जन्म लेने का कभी दुख नहीं रहा, बल्कि खुशी है कि जिस समाज में जन्म लिया, उसके लिए कुछ करने की नीयत और हौसला उनके अंदर है।
उन्होंने कहा कि वह भी अनर्गल टिप्पणी कर सकते हैं, लेकिन छोटी जाति होकर भी राजभर समाज ने किसी व्यक्ति के माता-पिता पर गलत बयानबाजी करना नहीं सिखाया। उन्होंने विधायक के माता-पिता को प्रणाम करते हुए कहा कि कौन व्यक्ति कब, कहां और किस कुल या जाति में पैदा होगा, यह मनुष्य तय नहीं करता। इसे परमात्मा, ईश्वर और भगवान तय करते हैं।
‘जनता देगी जवाब’
राजभर ने सपा पर भी निशाना साधते हुए कहा कि भगवान राम, रघुकुल, सूर्यवंश और सनातन का अपमान करने वाली समाजवादी पार्टी में एक विधानसभा टिकट के लिए लोग अपमान का घूंट पी रहे हैं। उन्होंने कहा कि वे कर्म करने में विश्वास रखते हैं और पिछड़ों, दलितों, राजभरों तथा शोषितों के लिए आवाज उठाने का प्रण लिया है।
उन्होंने विधायक से कहा कि उन्हें सपा का टिकट चाहिए तो जरूर लें, जनता सब देख रही है और नतीजा भी वही देगी। राजभर ने कहा कि वह विधायक से माफी की उम्मीद नहीं करते, लेकिन उन्हें अपने माता-पिता को याद कर यह जरूर सोचना चाहिए कि किसी गरीब और छोटी जाति में जन्मे व्यक्ति के बारे में ऐसी टिप्पणी करना उचित है या नहीं।
गौरतलब है कि कुछ दिन पूर्व लोहिया भवन में प्रेसवार्ता के दौरान जमानिया विधायक ओमप्रकाश सिंह ने कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर को ‘नेता नहीं, बल्कि दुर्घटना की पैदाइश’ बताया था। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। अब राजभर ने फेसबुक पोस्ट के माध्यम से इसका जवाब दिया है।














