गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मुख्यमंत्री डैशबोर्ड दर्पण के आधार पर शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी विभागों को योजनाओं की प्रगति बढ़ाने और निर्धारित लक्ष्यों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान फैमिली आईडी निर्माण की प्रगति पर विशेष जोर दिया गया। जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों को निर्देशित किया कि पंचायत सहायकों के माध्यम से प्रत्येक ग्राम पंचायत में अभियान चलाकर पात्र लाभार्थियों की फैमिली आईडी बनाना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि इस कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बैठक में विकास खंड रेवतीपुर में फैमिली आईडी की प्रगति संतोषजनक न पाए जाने पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई और खंड विकास अधिकारी रेवतीपुर का वेतन रोकने के साथ स्पष्टीकरण तलब करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी विकास खंडों में ऐसे लोगों की सूची पंचायत सहायकों को उपलब्ध कराने को कहा, जिनकी फैमिली आईडी अभी तक नहीं बनी है, ताकि प्राथमिकता के आधार पर उनका पंजीकरण कराया जा सके।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक विकास खंड में कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए और कहा कि खंड विकास अधिकारी हर दो घंटे पर प्रगति की समीक्षा करें। उन्होंने अधिकारियों को जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक शीघ्र पहुंचाने तथा निर्माणाधीन परियोजनाओं को समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद सहित जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।














