गाज़ीपुर। बिरनो विकास खण्ड क्षेत्र के गजपतपुर गांव में जिलाधिकारी के आदेश पर राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम सभा और पट्टे की भूमि को कब्जा मुक्त कराया। इस दौरान गांव में भारी पुलिस बल की मौजूदगी रही और पूरे क्षेत्र में कार्रवाई चर्चा का विषय बनी रही।
गांव निवासी राधेश्याम राम की शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश के बाद तहसीलदार सदर राजीव यादव के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम में राजस्व निरीक्षक धर्मेंद्र राय तथा लेखपाल प्रदीप गुप्ता, अजीत कुमार सिंह, देवेंद्र प्रताप सिंह और संजय प्रजापति शामिल रहे। अधिकारियों ने मौके पर भूमि की पैमाइश कर जांच की।
जांच में करीब 10 मंडा पट्टे की भूमि राधेश्याम राम के नाम दर्ज पाई गई, जिस पर अवैध कब्जा था। राजस्व टीम ने भूमि को कब्जा मुक्त कराकर मेड़बंदी कराई और उसे संबंधित आवेदक को सौंप दिया। इसके अलावा लगभग साढ़े छह मंडा ग्राम सभा की भूमि को भी अतिक्रमण से मुक्त कराकर ग्राम प्रधान इंदल राव को सुपुर्द किया गया।
तहसीलदार राजीव यादव ने ग्राम प्रधान को निर्देश दिया कि ग्राम सभा की भूमि का उपयोग सार्वजनिक हित के कार्यों अथवा खेल मैदान के रूप में किया जाए, ताकि ग्रामीणों को इसका लाभ मिल सके।
कार्रवाई के दौरान क्षेत्राधिकारी कासिमाबाद, मरदह थानाध्यक्ष तारावती, बिरनो थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह, शादियाबाद थानाध्यक्ष समेत बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौजूद रहे। प्रशासन की सख्त कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया।














