गाजीपुर। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने साइबर ठगी के मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 3 लाख 54 हजार 300 रुपये नकद, 23 सिम कार्ड, 10 मोबाइल फोन, 13 एटीएम कार्ड, कंप्यूटर, लैपटॉप, प्रिंटर और दो चार पहिया वाहन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की कीमत करीब पांच लाख और वाहनों की कीमत करीब 20 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, साइबर क्राइम थाने में एक व्यक्ति ने शिकायत दी थी कि अज्ञात लोगों ने गाड़ी खराब होने सहित अन्य बहाने बनाकर उसके सीएससी खाते में साइबर अपराध से अर्जित रकम मंगाई। अगस्त से सितंबर के बीच करीब 15 लाख रुपये की रकम खाते में मंगाकर निकाल ली गई। बाद में उसका खाता और अन्य खाते फ्रीज/लीन होने लगे। मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज रजा, नोडल साइबर अपराध अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और साइबर अपराध पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में सर्विलांस सेल की मदद से कार्रवाई करते हुए सोहन राम, उसके बेटे सूर्य प्रकाश अरोरा और फैजल खान उर्फ सन्नी को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपी सोहन राम दूसरे लोगों के नाम पर सिम और म्यूल बैंक खाते हासिल करता था। इसके बाद सिम अपने बेटे सूर्य प्रकाश को भेजता था। सोशल मीडिया पर विदेश में नौकरी के फर्जी विज्ञापन देकर लोगों को कॉल सेंटर के माध्यम से झांसे में लिया जाता था। रजिस्ट्रेशन के नाम पर पांच हजार रुपये लेने के बाद फर्जी जॉब ऑफर लेटर और डमी फ्लाइट टिकट भेजकर उनसे और रकम मंगाई जाती थी। रकम म्यूल खातों और क्यूआर कोड के जरिए प्राप्त कर एटीएम व अन्य माध्यमों से निकाली जाती थी।
पुलिस बरामद सिम और दस्तावेजों की जांच कर रही है। आरोपियों से जुड़े अन्य साइबर ठगी के मामलों की जानकारी जुटाकर रिपोर्ट आई4सी, गृह मंत्रालय को भेजी जाएगी।















