जंगीपुर। उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के निर्देश पर शनिवार को गाजीपुर जनपद के सभी लेखपालों ने थाना दिवस पर काली पट्टी बांधकर अपनी मांगों के समर्थन में सांकेतिक विरोध दर्ज कराया। संघ ने मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है।
सदर तहसील मंत्री रवि प्रकाश शुक्ला ने बताया कि लेखपाल संघ अपनी आठ सूत्रीय मांगों को लेकर आंदोलन कर रहा है। प्रमुख मांगों में वेतन विसंगतियों को दूर करना, ग्रेड पे बढ़ाकर 2800 रुपये करना तथा अंतरमंडलीय और अंतरजनपदीय स्थानांतरण प्रक्रिया को सरल, सुगम और पारदर्शी बनाना शामिल है।
उन्होंने बताया कि आंदोलन के अगले चरण में 12 अक्टूबर को लेखपाल रक्तदान करेंगे। 14 अक्टूबर को बाइक रैली निकालकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज उठाएंगे। इसके बाद 17 अक्टूबर से संपूर्ण कार्य बहिष्कार करते हुए अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू करने की चेतावनी दी गई है।
संघ का कहना है कि शासन को लेखपालों की समस्याओं का गंभीरता से संज्ञान लेकर मांगों का समाधान करना चाहिए।जंगीपुर थाने पर हुए विरोध प्रदर्शन में सदर तहसील मंत्री रवि प्रकाश शुक्ला, पूर्व जिलाध्यक्ष बृज किशोर, लेखपाल दीनदयाल, उमेश, सुशील यादव और प्रभात राय सहित अन्य लेखपाल मौजूद रहे। सभी ने काली पट्टी बांधकर एकजुटता प्रदर्शित की।















