गाजीपुर। जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने जनपद में चल रहे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और प्रगति की समीक्षा के तहत मेडिकल कॉलेज में निर्माणाधीन नर्सिंग कॉलेज एवं छात्रावास तथा ददरी घाट के पास बन रहे 200 बेड महिला छात्रावास का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने भवन निर्माण की प्रगति, निर्माण सामग्री की गुणवत्ता, कक्षों की संरचना, प्रयोगशाला, पुस्तकालय, पेयजल एवं विद्युत व्यवस्था सहित अन्य सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देश देते हुए कहा कि सभी निर्माण कार्य तकनीकी मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समयसीमा में पूरे किए जाएं। डीएम ने नर्सिंग कॉलेज का निर्माण 30 जून 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन 200 बेड महिला छात्रावास का निरीक्षण किया। उन्होंने आवासीय कक्षों, सुरक्षा व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित एवं सुविधायुक्त वातावरण उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है।
जिलाधिकारी ने निर्माण स्थल पर सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने और कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान मुख्य विकास अधिकारी आलोक प्रसाद, जिला विकास अधिकारी सुभाष चन्द्र सरोज, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य तथा संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।














