गाजीपुर। दिलदारनगर और कोतवाली जमानियां की संयुक्त पुलिस टीम ने गुरुवार की रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान पांच शातिर भैंस चोरों को गिरफ्तार किया। मुठभेड़ में बिहार निवासी रामकुमार नट गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसके चार अन्य साथियों को भी मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, चोरी की भैंस, पिकअप, स्कॉर्पियो और 62 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
पुलिस के अनुसार, एक अक्टूबर की रात दिलदारनगर थानाध्यक्ष संतोष कुमार राय और जमानियां प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि रकसहा स्थित कांशीराम आवास योजना में कुछ भैंस चोर मौजूद हैं। पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपियों को पकड़ने का प्रयास किया तो बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रामकुमार नट के दाहिने पैर में गोली लगी, जिससे वह घायल हो गया। उसे सीएचसी भदौरा भेजा गया।
गिरफ्तार आरोपियों में बिहार के कैमूर निवासी रामकुमार नट और बिमेलश नट, वाराणसी के रिफान शेख, चंदौली के शबी हैदर उर्फ गुड्डू और मु. आरिफ शामिल हैं। पुलिस ने एक तमंचा, दो कारतूस, पिकअप, स्कॉर्पियो, एक भैंस और 62 हजार रुपये बरामद किए हैं। पुलिस आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।















