Monday, September 28, 2026
Your Dream Technologies
HomeLocalहाईवे पर चला मीट एंड ग्रीट अभियान, 35 वाहनों का चालान

हाईवे पर चला मीट एंड ग्रीट अभियान, 35 वाहनों का चालान

गाजीपुर। यातायात नियमों के पालन और महिला यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से 26 और 27 सितंबर को गाजीपुर में हाईवे पर मीट एंड ग्रीट अभियान के तहत सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान यातायात पुलिस और परिवहन विभाग की संयुक्त टीम ने नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान में कुल 35 वाहनों का चालान कर करीब 1.10 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया।
अपर पुलिस महानिदेशक यातायात, लखनऊ के आदेश के क्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. ईरज राजा के निर्देशन में अभियान चलाया गया। अपर पुलिस अधीक्षक नगर राकेश कुमार मिश्र और क्षेत्राधिकारी यातायात के पर्यवेक्षण में यातायात निरीक्षक बालेंद्र कुमार तथा एआरटीओ गाजीपुर के नेतृत्व में टीम ने हाईवे पर वाहनों की जांच की।
अभियान के दौरान प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले छह वाहनों का चालान किया गया, जबकि दोषपूर्ण नंबर प्लेट लगे दो वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले अन्य वाहनों पर भी जुर्माना लगाया गया।
वहीं, मीट एंड ग्रीट अभियान के तहत रोडवेज बसों, निजी बसों और डबल डेकर बसों में सफर कर रही महिला यात्रियों से पुलिसकर्मियों ने उनकी कुशलक्षेम पूछी। इस दौरान महिलाओं को सुरक्षा के प्रति जागरूक करते हुए महिला हेल्पलाइन नंबर 1090 सहित अन्य आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी गई। पुलिस टीम ने महिला यात्रियों को किसी भी परेशानी या असुरक्षा की स्थिति में तत्काल हेल्पलाइन की मदद लेने के लिए प्रेरित किया।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments

Call Now Button