गाजीपुर। केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड, नई दिल्ली के निर्देशों के अनुपालन में गैर लाभकारी संस्थाओं (एनपीओ) के लिए नये आयकर प्रावधानों की जानकारी देने हेतु “प्रारम्भ 2026” नामक आयकर जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान का आयोजन टेरी पीजी कॉलेज, गाजीपुर के सभागार में किया गया। कार्यक्रम का संचालन आयकर अधिकारी (छूट), वाराणसी समीर कुमार श्रीवास्तव द्वारा किया गया। यह आयोजन आयकर आयुक्त (छूट), लखनऊ श्री मजहर अकरम के निर्देशन तथा अपर आयुक्त डॉ. प्रीती सिंह के मार्गदर्शन में सम्पन्न हुआ।
कार्यक्रम का शुभारम्भ संस्थान के निदेशक डॉ. अजीत प्रताप सिंह ने मुख्य अतिथि समीर कुमार श्रीवास्तव एवं विशिष्ट अतिथि डॉ. विनोद कुमार सिंह, निदेशक कृषि विज्ञान केंद्र को बुके भेंट कर स्वागत के साथ किया।
समीर कुमार श्रीवास्तव ने पावर प्वाइंट प्रस्तुति के माध्यम से आयकर अधिनियम 2025 के अंतर्गत गैर लाभकारी संगठनों के लिए किये गये नए बदलावों, सरलीकरण, रिटर्न एवं विभिन्न फार्म दाखिल करने की समय-सीमा, छूट प्राप्त करने की प्रक्रिया तथा अनुपालन संबंधी आवश्यक जानकारियों पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने “एआई चैट बॉक्स कर साथी” के बारे में भी जानकारी देते हुए उसके उपयोग और लाभ समझाए।
कार्यक्रम में चार्टर्ड अकाउंटेंट एसोसिएशन के आनंद सिंह, धनंजय तथा बार एसोसिएशन के बसंत सेठ सहित अन्य अधिवक्ताओं ने अपने विचार व्यक्त किये। इस अवसर पर आयकर निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार पाण्डेय, अभिषेक सिंह यादव, शशिधर पाण्डेय सहित विभिन्न संस्थाओं, बार एवं सीए एसोसिएशन के पदाधिकारी उपस्थित रहे।














