गाजीपुर – कासिमाबाद कोतवाली क्षेत्र में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर धरवार कला ओवरब्रिज के पास शुक्रवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। नाशपाती लदी पिकअप को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रेलर ने जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ट्रेलर पिकअप को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया।
सूचना मिलते ही यूपीडा की बचाव टीम मौके पर पहुंची और घायल पिकअप चालक को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कासिमाबाद पहुंचाया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी ट्रामा सेंटर रेफर कर दिया।
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे सुरक्षा अधिकारी गजानन सिंह यादव ने बताया कि पिकअप चालक बाराबंकी से नाशपाती लादकर बक्सर (बिहार) जा रहा था। धरवार कला ओवरब्रिज के पास चालक वाहन किनारे खड़ा कर चालक बदल रहा था। इसी दौरान सहचालक नीचे उतर गया था कि पीछे से आ रहे ट्रेलर ने पिकअप में टक्कर मार दी।
घायल चालक की पहचान गुलशन पासवान पुत्र परदेसी पासवान निवासी शाहपुर थाना भांवरकोल तथा सहचालक की पहचान गुड्डू सिंह पुत्र श्याम बिहारी सिंह निवासी जगदीशपुर कला थाना भांवरकोल के रूप में हुई है। हादसे में पिकअप का पिछला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि एक्सप्रेसवे का साइड डिवाइडर भी टूट गया। पुलिस फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी है।














