नोएडा/गौतमबुद्धनगर: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा नवनिर्मित जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन और प्रस्तावित विशाल जनसभा को लेकर गौतमबुद्धनगर पुलिस ने अभूतपूर्व सुरक्षा इंतजाम किए हैं। कार्यक्रम की संवेदनशीलता को देखते हुए पूरे एयरपोर्ट परिसर और जनसभा स्थल को लगभग एक अभेद्य किले में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में यहां Multi-Layer Security Architecture लागू किया गया है, जिसके तहत पांच स्तरों में सुरक्षा घेरा बनाया गया है।
पुलिस प्रशासन के अनुसार प्रधानमंत्री की सुरक्षा की जिम्मेदारी संभालने वाली SPG के साथ स्थानीय पुलिस और अन्य सुरक्षा एजेंसियों का निरंतर समन्वय बनाया गया है। कार्यक्रम स्थल पर आने-जाने वाले सभी मार्गों और प्रवेश द्वारों पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। हर प्रवेश बिंदु पर फ्रिस्किंग, बैगेज स्क्रीनिंग और पहचान सत्यापन (Identity Verification) की अनिवार्य व्यवस्था की गई है, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि को समय रहते रोका जा सके।
5000 से अधिक सुरक्षाकर्मी तैनात
सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए लगभग 5000 राजपत्रित और अराजपत्रित पुलिस अधिकारियों और कर्मियों की तैनाती की गई है। इसके साथ ही PAC, RAF, ATS और CISF की टुकड़ियों को भी महत्वपूर्ण और संवेदनशील स्थानों पर तैनात किया गया है। एयरपोर्ट परिसर में बनाई गई पुलिस चौकियों को हाई अलर्ट पर रखा गया है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त पुलिस बल तुरंत उपलब्ध कराया जा सके, इसके लिए भी विशेष व्यवस्था की गई है।
एंटी-माइन और एंटी-सैबोटेज चेकिंग पूरी
कार्यक्रम से पहले पूरे क्षेत्र में BDDS (बम निरोधक दस्ता) द्वारा व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। इसके अलावा एंटी-माइन चेकिंग और एंटी-सैबोटेज जांच जैसी सघन सुरक्षा प्रक्रियाएं भी पूरी कर ली गई हैं, ताकि कार्यक्रम स्थल को पूरी तरह सुरक्षित बनाया जा सके।
महिलाओं के लिए अलग सुरक्षा व्यवस्था
रैली में आने वाली महिलाओं की सुविधा और निजता को ध्यान में रखते हुए विशेष इंतजाम किए गए हैं। विभिन्न स्थानों पर डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) लगाए गए हैं और महिलाओं की जांच के लिए अलग चेकिंग एनक्लोजर बनाए गए हैं। पुलिस प्रशासन ने यह भी सुनिश्चित किया है कि सुरक्षा जांच के दौरान आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
दिनांक 28.03.2026 को माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के करकमलों द्वारा जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन एवं प्रस्तावित जनसभा/रैली के दृष्टिगत,@CP_Noidaद्वारा कार्यक्रम की सुदृढ़ एवं प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ विस्तृत… pic.twitter.com/1AeMy0hdEC
— POLICE COMMISSIONERATE GAUTAM BUDDH NAGAR (@noidapolice) March 27, 2026
‘जीरो टॉलरेंस’ नीति लागू
पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने बताया कि जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन देश और उत्तर प्रदेश के लिए एक ऐतिहासिक अवसर है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की सुरक्षा और जनसभा में आने वाली जनता की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा,
“हमने पूरे क्षेत्र को पांच-लेयर सुरक्षा घेरे में लिया है और तकनीक तथा मैनपावर के बेहतर तालमेल के साथ सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया है। यातायात व्यवस्था को सुचारु रखने और किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए पुलिस बल चौबीसों घंटे तैनात है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जीरो टॉलरेंस नीति सख्ती से लागू की जा रही है।”
पुलिस प्रशासन के इन व्यापक इंतजामों के बीच जेवर इंटरनेशनल एयरपोर्ट का उद्घाटन समारोह और प्रधानमंत्री की जनसभा को ऐतिहासिक और सुरक्षित बनाने की तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।














