गाजीपुर – अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सादात पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। 3 मई 2026 को पुलिस मुठभेड़ के दौरान 25 हजार रुपये के इनामी अभियुक्त सूरज यादव उर्फ नागेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पर गोवध निवारण अधिनियम समेत कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक पन्नेलाल यादव अपनी टीम के साथ खिदिरगंज चौराहे पर वाहन चेकिंग कर रहे थे, तभी मुखबिर से सूचना मिली कि वांछित अभियुक्त मोटरसाइकिल से भागने की फिराक में है। सूचना के आधार पर पुलिस ने रामपुर इटवा तिराहे पर घेराबंदी की। खुद को घिरता देख अभियुक्त ने खेत की आड़ लेकर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके दाहिने पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया।
घायल अभियुक्त को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा .315 बोर, एक खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है।
गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास भी लंबा है। उसके खिलाफ गोवध, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और अन्य धाराओं में कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।














