गाजीपुर – बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ली और दिनभर की भीषण गर्मी व उमस के बाद तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। शाम होते-होते आसमान काले बादलों से घिर गया और तेज हवाओं ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया। इसी दौरान शहर कोतवाली क्षेत्र में पीजी कॉलेज के पास एक पेड़ की डाल गिरने से बकराबाद निवासी बुजुर्ग रामदरस राम की मौके पर ही मौत हो गई।
आंधी की रफ्तार इतनी तेज थी कि कई जगह पेड़ झुक गए और लोगों को सुरक्षित स्थानों की ओर भागना पड़ा। अचानक बदले मौसम के कारण बाहर मौजूद लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति भी बाधित हो गई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने की अपील की है। मौसम विभाग के अनुसार, अगले कुछ घंटों तक तेज हवा और बारिश जारी रहने की संभावना है।
हालांकि इस बदलाव से तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, जिससे लोगों को गर्मी से कुछ राहत मिली है, लेकिन तेज आंधी-बारिश से नुकसान की आशंका बनी हुई है।














