गाजीपुर – मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एएनटीएफ गाजीपुर और थाना जमानियाँ पुलिस की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने दो शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से करीब 520 ग्राम अवैध हेरोइन, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। बरामद हेरोइन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1 करोड़ 40 हजार रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार, 28 अप्रैल 2026 को एएनटीएफ प्रभारी निरीक्षक सुरेन्द्रनाथ सिंह और उपनिरीक्षक राजकुमार यादव अपनी टीम के साथ देवरिया चौकी क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों की तलाश में गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर ग्राम खिजिरपुर/मथारे चट्टी के पास सरफुद्दीन के मकान से 100 मीटर पहले दो व्यक्तियों को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी में उनके पास से भारी मात्रा में हेरोइन बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अविनाश कुमार निवासी कुदरा, कैमूर भभुआ (बिहार) और राजू कुमार रावत निवासी रामगढ़, कैमूर भभुआ (बिहार) के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने बताया कि वे यह मादक पदार्थ मोहनिया, बिहार से लाकर गाजीपुर और आसपास के जिलों में बेचते थे तथा मुनाफा आपस में बांट लेते थे।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।














