HomeKhabar Thodi Hatkarगहमर में दो कंटेनरों से 152 भैंस व पड़वा बरामद, पांच पशु...

गहमर में दो कंटेनरों से 152 भैंस व पड़वा बरामद, पांच पशु तस्कर गिरफ्तार

गाजीपुर। गहमर कोतवाली क्षेत्र के बकैनिया मोड़ के पास शनिवार देर रात पशुओं की तस्करी के मामले में पुलिस ने दो कंटेनरों से 152 भैंस और पड़वा बरामद किए। पुलिस ने मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। दोनों कंटेनरों को सीज कर दिया गया है। बरामद पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखवाया गया है। आरोपियों के पास से तलाशी के दौरान 6,500 रुपये भी बरामद हुए।
विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष जगजीत सिंह ‘नचक’ के अनुसार, उन्हें क्षेत्र में बड़े पैमाने पर पशुओं की अवैध तस्करी किए जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद महासंघ की टीम ने गहमर क्षेत्र के बकैनिया के पास घेराबंदी कर संदिग्ध कंटेनरों को रोकने का प्रयास किया। मामले की जानकारी पुलिस को भी दी गई।
पुलिस के अनुसार, 11 अक्टूबर 2026 को उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में भ्रमण कर रहे थे। इसी दौरान बकैनिया मोड़ के पास दो कंटेनरों में क्रूरतापूर्वक ले जाए जा रहे 152 भैंस और पड़वा बरामद किए गए। मौके से पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। दोनों कंटेनरों को मोटर वाहन अधिनियम की धारा 207 के तहत सीज कर सेवराई चौकी पर खड़ा कराया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मुरादाबाद जिले के मुंडापांडे थाना क्षेत्र के सिरसखेड़ा निवासी मोहम्मद फैज और मोहम्मद कैफ, मुजफ्फरनगर जिले के तितावी थाना क्षेत्र के बुडीना खुर्द निवासी मोहम्मद मोईन और मोहम्मद सलमान तथा बागपत जिले के विनौनी थाना क्षेत्र के बरनावा निवासी मोहम्मद बिलाल के रूप में हुई है।
पुलिस ने इस मामले में पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। कार्रवाई करने वाली टीम में कामाख्या चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक संजय कुमार यादव और उपनिरीक्षक कौशलेश कुमार शर्मा अपनी टीम के साथ शामिल रहे।
विश्व हिंदू महासंघ के जिलाध्यक्ष ने फरार कंटेनर चालक की तलाश करने और कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments