गाजीपुर। शादियाबाद थाना पुलिस ने चेकिंग के दौरान चोरी की गई बोलेरो बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार 26 अगस्त 2026 को उपनिरीक्षक अमरेश कुमार मिश्रा मय हमराह क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान परेवा नहर पुलिया के पास संदिग्ध अवस्था में एक बोलेरो दिखाई दी। जांच करने पर वाहन ग्राम कटघरा से चोरी हुआ पाया गया।
पुलिस ने मौके से राहुल दूबे उर्फ श्याम नरायन दूबे (30) पुत्र केदारनाथ दूबे, निवासी ग्राम करण्डा, थाना करण्डा, गाजीपुर को गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से सफेद रंग की महेन्द्रा बोलेरो वाहन संख्या UP61 BD 3804 बरामद हुई। मामले में थाना शादियाबाद पर मुकदमा अपराध संख्या 280/2026 धारा 303(2) बीएनएस दर्ज था। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ गाजीपुर के विभिन्न थानों में चोरी, बरामदगी और आर्म्स एक्ट से संबंधित कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। आरोपी के विरुद्ध अग्रिम विधिक कार्रवाई की गई। गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक अमरेश कुमार मिश्रा मय हमराह थाना शादियाबाद शामिल रहे।














