गाजीपुर। आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर आमजन को गुणवत्तापूर्ण खाद्य एवं पेय पदार्थ उपलब्ध कराने तथा खाद्य पदार्थों में मिलावट पर प्रभावी रोकथाम के लिए जनपद में विशेष अभियान चलाया गया। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ, जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (वित्त/राजस्व) तथा सहायक आयुक्त (खाद्य)-II आरसी पाण्डेय के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने विभिन्न प्रतिष्ठानों और वाहनों की जांच कर कुल छह नमूने संग्रहित किए।
26 अगस्त को सिधौना, सैदपुर स्थित राहुल कुमार के प्रतिष्ठान से पनीर का एक नमूना लिया गया। सिधौना बाजार स्थित विराट यादव के पनीर विनिर्माण प्रतिष्ठान से भी पनीर का नमूना संग्रहित किया गया। सैदपुर-चन्दौली रोड पर अशरफ अली की डिलीवरी वैन से गन्ने के गुड़ का नमूना लिया गया।
इसी क्रम में रायपुर बहरियाबाद स्थित मेसर्स प्रजापति इमरती एण्ड स्वीट हाउस से बूंदी के लड्डू और छेना मिठाई के एक-एक नमूने तथा सिधौना बाजार स्थित मेसर्स धर्मेन्द्र छेना एवं पनीर उद्योग से छेने का नमूना संग्रहित किया गया।
सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी गुलाबचन्द गुप्त, बिपिन कुमार गिरि, धनन्जय सिंह, अरविन्द्र प्रजापति, पंकज कुमार कन्नौजिया एवं अमर नाथ शामिल रहे।














