राजस्थान के बालोतरा ज़िले के पचपदरा स्थित रिफाइनरी में भीषण आग लगने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का मंगलवार को प्रस्तावित राजस्थान दौरा स्थगित कर दिया गया है। प्रधानमंत्री को इस दौरान रिफाइनरी का लोकार्पण करना था और एक जनसभा को भी संबोधित करना था।
राज्य सरकार के अनुसार, मंगलवार दोपहर रिफाइनरी में अचानक आग लग गई। आग बुझाने के लिए दो दर्जन से अधिक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर जुटी हुई हैं। हालांकि, तीन घंटे बाद भी आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका था। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है।
सरकारी सूत्रों के मुताबिक, पीएम मोदी के लोकार्पण कार्यक्रम के साथ ही जनसभा का आयोजन भी प्रस्तावित था। लेकिन आग की घटना के बाद यह कार्यक्रम टाल दिया गया है। राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के कार्यालय ने भी प्रधानमंत्री के दौरे के स्थगित होने की पुष्टि की है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को भी मंगलवार शाम पचपदरा पहुंचना था, लेकिन प्रधानमंत्री के कार्यक्रम के स्थगित होने के बाद उनका दौरा भी रद्द कर दिया गया। वे अब जयपुर स्थित अपने आवास पर ही हैं।
Due to an unfortunate fire incident today in the vicinity of the Crude Distillation Unit at the HRRL refinery, the scheduled dedication of the refinery by the Hon’ble Prime Minister on 21.04.2026 has been postponed.
The fire has been brought under control. There are no reports…
— Ministry of Petroleum and Natural Gas #MoPNG (@PetroleumMin) April 20, 2026
पेट्रोलियम मंत्रालय ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर इस घटना की जानकारी दी है। मंत्रालय के अनुसार, HRRL रिफाइनरी में क्रूड डिस्टिलेशन यूनिट के पास आग लगने की दुर्भाग्यपूर्ण घटना के कारण 21 अप्रैल को प्रधानमंत्री द्वारा प्रस्तावित उद्घाटन कार्यक्रम को स्थगित किया गया है।
मंत्रालय ने बताया कि आग पर काबू पा लिया गया है और किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है तथा आवश्यक सुधारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उद्घाटन की नई तारीख जल्द घोषित की जाएगी।
पचपदरा की यह रिफाइनरी भारत की पहली ग्रीनफील्ड इंटीग्रेटेड रिफाइनरी-कम-पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स मानी जा रही है। यह हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (HPCL) और राजस्थान सरकार का संयुक्त उपक्रम है। इसे देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करने और आयात पर निर्भरता कम करने की दिशा में अहम परियोजना माना जा रहा था। हालांकि, आग की घटना के बाद इसके उद्घाटन कार्यक्रम पर फिलहाल रोक लग गई है।














