गाजीपुर। पुलिस लाइन स्थित सम्मेलन कक्ष में शुक्रवार को अपर पुलिस अधीक्षक नगर डॉ. राकेश कुमार मिश्रा की अध्यक्षता में विशेष किशोर पुलिस इकाई की मासिक समीक्षा एवं समन्वय बैठक और मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के तहत गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में बाल संरक्षण, किशोरों से संबंधित मामलों के विधिक निस्तारण तथा महिला अपराधों की रोकथाम पर चर्चा हुई।
गोष्ठी में बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सीमा पाठक, सदस्य महातिम सिंह यादव व निलेश कुमार, डिप्टी सीएमओ डॉ. मुंशीलाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय कुमार सोनी, श्रम प्रवर्तन अधिकारी, किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य, प्रभारी विशेष किशोर पुलिस इकाई, प्रभारी थाना एएचटी तथा जनपद के थानों पर नियुक्त बाल कल्याण अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
अपर पुलिस अधीक्षक नगर ने पुलिसकर्मियों को बच्चों के प्रति संवेदनशील रवैया अपनाने तथा उनके साथ घटित अपराधों के मामलों में नियमानुसार विधिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बाल कल्याण समिति की अध्यक्ष सीमा पाठक ने बच्चों से संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार 24 घंटे के भीतर बाल कल्याण समिति के समक्ष प्रस्तुत करने पर जोर दिया। वहीं, समिति के सदस्य महातिम सिंह यादव ने किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी।
इसके बाद मिशन शक्ति फेज 5.0 अभियान के अंतर्गत जनपद के समस्त थानों की मिशन शक्ति टीमों के प्रभारियों और महिला-पुरुष पुलिसकर्मियों के साथ बैठक की गई। इसमें महिला अपराधों की रोकथाम, पीड़ित महिलाओं और बालिकाओं की काउंसलिंग, संरक्षण तथा सहायता से जुड़े विषयों की समीक्षा की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।















