
गाजीपुर – जंगीपुर नगर पंचायत में सोमवार को रामनवमी का पर्व बड़े ही धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस शुभ अवसर पर एक भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया, जिसमें भगवान श्रीराम, माता सीता, हनुमान जी और भारत माता की सुंदर-सजावटी झांकियों ने सबका मन मोह लिया। पूरा नगर ‘जय श्रीराम’ के नारों से गूंज उठा और वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया।

यह शोभायात्रा प्राथमिक विद्यालय जंगीपुर से प्रारंभ होकर लावा मोड़, इस्लामिया स्कूल, नगर पंचायत कार्यालय, कृषि उत्पादन समिति होते हुए राम जानकी पोखरा तक पहुँची। हजारों श्रद्धालुओं ने इसमें भाग लिया। युवाओं ने डीजे की धुन पर जोश-खरोश से नृत्य कर माहौल को और भी उत्साही बना दिया। राम जानकी पोखरा पर श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद वितरण किया गया और आकर्षक झांकियों के साथ साहसिक करतब भी दिखाए गए।
सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस प्रशासन मुस्तैद रहा। जंगीपुर थानाध्यक्ष शैलेन्द्र प्रताप सिंह स्वयं अपनी टीम के साथ व्यवस्था संभालते नजर आए। इस आयोजन में जंगीपुर नगर पंचायत के चेयरमैन प्रतिनिधि अशरफ अली ने फूलों की वर्षा और मिष्ठान वितरण कर हिन्दू-मुस्लिम एकता का अद्भुत उदाहरण प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में बिरनो ब्लॉक प्रमुख राजन सिंह, भाजपा नेता कुंवर रमेश सिंह पप्पू,पूर्व चेयरमैन प्रतिनिधि लालजी गुप्ता, विवेकानंद पांडेय, अभिमन्यु सिंह मन्नू, मन्नू राजभर, मंडल अध्यक्ष सुनील कुशवाहा, अभिनव जायसवाल, विनोद वर्मा, संजय गुप्ता तेजप्रताप सिंह, श्यामबली मद्धेशिया , कार्तिक प्रधान सहित कई सम्मानित लोग उपस्थित रहे। यह आयोजन नगर में धार्मिक एकता, श्रद्धा और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बनकर सबके दिलों में अमिट छाप छोड़ गया।
