HomeLocalखेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से किसान की मौत, दो...

खेत में सिंचाई के दौरान करंट लगने से किसान की मौत, दो बेटियों के सिर से उठा पिता का साया

गाजीपुर। जमानियां कोतवाली क्षेत्र के महेवा गांव में रविवार को बिजली का करंट लगने से 35 वर्षीय किसान राहुल कुशवाहा की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ, जब वह खेत में लगी सब्जियों की सिंचाई करने के लिए मोटर चालू कर रहा था। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।
मृतक के पिता दीनबंधु कुशवाहा समाज कल्याण विभाग में एडीओ पद से सेवानिवृत्त हैं। उन्होंने बताया कि राहुल रविवार सुबह रोज की तरह अपनी भैंस को नहलाने के बाद खेत में सब्जियों की सिंचाई करने चला गया था। मोटर चालू करने के लिए जैसे ही उसने बिजली का प्लग बोर्ड में लगाया, वह अचानक करंट की चपेट में आ गया। इससे वह बुरी तरह झुलस गया।
चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद परिजन मौके पर पहुंचे और उसे निजी वाहन से नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल गाजीपुर रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
राहुल घर पर रहकर खेती-बाड़ी करता था। वर्ष 2019 में उसका विवाह जमानियां स्टेशन के पास स्थित इलाइचीपुर डिगरी गांव की ममता से हुआ था। उसकी दो बेटियां दिव्यांशी और रियांशी हैं। वह दो भाइयों में बड़ा था। पति की मौत से पत्नी ममता और मां बासमती का रो-रोकर बुरा हाल है। मासूम बच्चियों के सिर से पिता का साया उठने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र सिंह ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

- Advertisement -
Your Dream Technologies
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular

Recent Comments