गाज़ीपुर । बिरनो थाना क्षेत्र में लंबे समय से चल रहे भूमि एवं निकास मार्ग विवाद के मामले में प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान बाधा उत्पन्न करने और रास्ता अवरुद्ध करने के आरोप में पुलिस ने 16 नामजद तथा एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई तहसीलदार प्रशिक्षण संस्थान गाजीपुर के ज्ञानेन्द्र कुमार यादव की तहरीर पर की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 3 जून 2026 को जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला के समक्ष जनता दर्शन में महमूदपुर ढ़ेबुआ निवासी लहजू कुशवाहा द्वारा दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र के निस्तारण के लिए प्रशासनिक टीम एवं पुलिस बल मौके पर पहुंचा था। न्यायालय जिलाधिकारी द्वारा पारित आदेश के अनुपालन में कार्यवाही कराई जा रही थी। आरोप है कि इसी दौरान गणेश यादव, सुरेश यादव, रमेश यादव, कमलेश यादव सहित अन्य लोगों ने कार्य स्थल पर पहुंचकर कार्य रुकवा दिया।
तहरीर में कहा गया है कि आरोपितों ने प्रार्थी के चक के दक्षिणी सिरे पर स्थित निकास द्वार को ईंट की दीवार बनाकर बंद कर दिया, जिससे पूरे परिवार का आवागमन बाधित हो गया। इसके अलावा कार्य में अवरोध उत्पन्न कर प्रशासनिक आदेश के पालन में भी बाधा पहुंचाई गई। मामले में पुरुषों और महिलाओं समेत कई लोगों को नामजद किया गया है, जबकि एक अज्ञात व्यक्ति को भी आरोपी बनाया गया है।
इस संबंध में बिरनो थानाध्यक्ष शैलेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि मामला काफी समय से विवादित चल रहा था। जिलाधिकारी के आदेश पर की जा रही कार्रवाई में बाधा डालने की शिकायत के आधार पर 16 नामजद एवं एक अज्ञात के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।














