गाजीपुर। प्रदेश सरकार की ओर से युवाओं को सरकारी नौकरी देने के अभियान के तहत बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के जुपिटर हॉल में आयोजित कार्यक्रम में राजस्व विभाग के नवचयनित 1,146 कनिष्ठ सहायकों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण एनआईसी कक्ष गाजीपुर में किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व वेद सिंह चौहान तथा मुख्य राजस्व अधिकारी सुनील कुमार त्रिवेदी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
इस नियुक्ति प्रक्रिया के तहत जनपद गाजीपुर को कुल 15 कनिष्ठ सहायक मिले हैं। इनमें नौ अभ्यर्थी गाजीपुर जनपद के तथा छह अभ्यर्थी अमेठी जनपद के हैं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि नियुक्ति प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष तरीके से संपन्न हुई है। अब उत्तर प्रदेश में सरकारी नौकरी पाने के लिए न सिफारिश की जरूरत है और न ही पैसे की। मेहनत और योग्यता के आधार पर युवाओं को अवसर मिल रहा है। सरकार का संकल्प योग्य युवाओं को समयबद्ध तरीके से रोजगार उपलब्ध कराना है।
उन्होंने नवनियुक्त कनिष्ठ सहायकों से कहा कि सरकारी नौकरी केवल रोजगार नहीं, बल्कि जनता की सेवा का माध्यम है। कर्मचारी अपनी जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करें और जनता के कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखें।
इस अवसर पर जिलाधिकारी अनुपम शुक्ला ने सभी नवनियुक्त कर्मचारियों को बधाई देते हुए कहा कि 15 नए कनिष्ठ सहायकों की तैनाती से सरकारी कार्यालयों के कामकाज में तेजी आएगी तथा आम जनता को बेहतर सेवाएं मिलेंगी। उन्होंने कर्मचारियों से अनुशासन, समयबद्धता और संवेदनशीलता के साथ कार्य करने की अपेक्षा की।















